बरेली। दिनदहाड़े एक मीट शॉप के बाहर से वैन सवार पांच बदमाशों ने रुमाल सुंघाकर एक किशोर का अपहरण कर लिया। कुछ दूर जाकर बदमाश बात करने रुके तो वह कूदकर भाग निकला। घर पहुंचकर परिजनों को घटना बताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी तलाशा तो एक काले शीशों की वैन नजर आई। मामले की जांच की जा रही है।
प्रेमनगर क्षेत्र के मौलानगर निवासी अर्शद (16) घर के पास ही एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर काम करता है। वह बृहस्पतिवार सुबह बानखाना स्थित एक मीट शॉप गया था। देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ढूंढने लगे। पिता गुड्डू के मुताबिक इसी बीच वह बदहवास स्थिति में घर पहुंचा और अपने साथ हुई घटना बताई। अर्शद का आरोप है कि मीट शॉप के बाहर से पांच लोगों ने उसे रुमाल सुंघाकर एक वैन में बैठा लिया। चौधरी तालाब जाते वक्त गुलाब नगर चौराहे पर रुककर दो बदमाश फोन पर बात करने लगे। बताया कि वह फोन पर काम पूरा होने की बात कर रहे थे। इसी बीच वह सुर्खा वाली गली में भाग निकला। तंग गलियों के कारण बदमाश उसे नहीं पकड़ पाए। इसके बाद एक परिचित के साथ जाकर मौके से साइकिल उठाकर लाया। इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि ऐसी कोई शिकायत अभी नहीं मिली है। शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि दिनदहाड़े इतने व्यस्त इलाके से अपहरण संभव नहीं है।