सीबीगंज। संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतक के परिजनों ने हत्या का शक जताया है। हालांकि थाने में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किला क्षेत्र के बाकरगंज निवासी राजू पिछले कुछ वक्त से अपनी दूसरी पत्नी के साथ क्षेत्र के गांव जौहरपुर में एक किराए के कमरे में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक करीब डेढ़ महीने पहले भाई गिरधारी की मौत के बाद उसने अपनी भाभी से शादी कर ली थी। उसकी पहली पत्नी तीन बच्चे छोड़कर मायके चली गई थी। शादी के बाद दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। वह डिप्रेशन में रहने लगा था। इसके चलते राजू ने मंगलवार दोपहर कमरे में ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। बाजार से घर लौटी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी।