बरेली। कैंट थाने की महिला होमगार्ड ने एसएसपी दफ्तर में शिकायत करके अपनी जान को खतरा बताया। कहा कि एक सिरफिरा उसे बार-बार कॉल करके परेशान कर रहा है। कह रहा है कि वह उसकी पत्नी है, उसकी बात मान ले वर्ना अंजाम बुरा होगा। जो व्यक्ति कॉल कर रहा है, वह उसे जानती भी नहीं। एसपी क्राइम ने नंबर सर्च करने और कार्रवाई का आदेश दिया है।
फतेहगंज पश्चिमी इलाके की निवासी महिला कैंट थाने में होमगार्ड है। महिला ने बताया कि छह जून को जब वह ड्यूटी खत्म करके घर जा रही थी तो उनकी स्कूटी को सेटेलाइट स्टैंड के पास किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। वे गिरकर बेहोश गईं। तब पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। होमगार्ड ने बताया कि अब अजय गंगवार नाम का व्यक्ति उन्हें मोबाइल पर लगातार परेशान कर रहा है। कह रहा है कि तुम मेरी पत्नी हो। तुम मेरी बात नहीं मानोगी तो मैं जहर खाकर मर जाऊंगा। साथ ही धमकी दे रहा है उसे एक लाख रुपया दे दो वर्ना वो उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। महिला होमगार्ड ने बताया कि अजय नाम के इस व्यक्ति से उन्हें जान का खतरा है। एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय ने आश्वासन दिया कि दोषी को पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।