बरेली। सोनभद्र जिले के घोरावल में बुधवार को जमीन पर कब्जे को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दस लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार की सुबह फतेहगंज पूर्वी थाने की सीमा से सटे दातागंज (बदायूं) थाना क्षेत्र के सेहरा पुख्ता गांव में कटरी की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। गोली लगने से दो लोग घायल हुए थे। इन घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने चारो जिलों के कप्तानों को आदेश जारी कर जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले गंभीरता से लेने का निर्देश दिया है।
दरअसल रेंज के बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर जिले में कटरी का बड़ा भ-भाग है। कुख्यात कल्लू और उसके साथियों के मारे जाने के बाद कटरी शांत हो गई। बदमाशी खत्म हुई तो कटरी में फसलें लहलहाने लगीं। खेती होने के साथ कटरी की जमीन पर अवैध कब्जे शुरू हो गए। इसमें राजस्व विभाग कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप है। अवैध कब्जों को लेकर आए दिन कटरी से सटे गांवों में झगड़े होते हैं।
डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने कटरी या किसी भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के विवाद को गंभीरता लेने के निर्देश दिए है, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे। इसके अलावा निजी जमीनों विवादों पर भी ध्यान दिया जाए। डीआईजी के मुताबिक पुलिस के थोड़ी सी ढील देने पर विवाद बढ़ने की आशंका रहती है। पुलिस इस बात की कोशिश करे कि दोनों पक्ष जिला प्रशासन या अदालत के जरिये मामले को हल कराए।
जमीन के मामले राजस्व विभाग को देखता है। मगर कई बार कानून व्यवस्था बिगड़ जाती है। पुलिस को जमीन पर अवैध कब्जों के मामले गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।
राजेश कुमार पांडेेय, डीआईजी