बरेली। बगैर एनओसी के सर्विस लेन बनाने की कोशिश करना सेतु निगम को फिर भारी पड़ गया। सर्विस लेन के लिए वन विभाग की जमीन पर खुदाई कर रही जेसीबी को वन विभाग की टीम जब्त करके ले गई। बताते हैं कि सेतु निगम के एक बड़े अधिकारी इस मामले को लेकर ‘बड़े’ साहब के पास आग्रह करने के पहुंचे थे। बड़े साहब ने वन विभाग के अधिकारियों से बात की। इसके बाद सेतु निगम को अपनी मशीन वापस मिल पाई।
सेटेलाइट पर फ्लाईओवर बनाने का काम चल रहा है। चौराहे से कैंट की तरफ सेतु निगम ने रोड के एक साइड में मिट्टी का पटान करने के बाद उस पर पत्थर भी डाल दिए हैं, लेकिन अभी इस सर्विस लेन पर तारकोल की लेयर नहीं बिछाई गई है। जिस जगह पर सर्विस लेन बननी है, वह जमीन वन विभाग की है। यहां काम कराने के लिए सेतु निगम को वन विभाग से एनओसी लेनी थी। यह प्रक्रिया करीब तीन माह से लंबित है। शनिवार को सेतु निगम ने बिना एनओसी सर्विस लेन बनाने की कोशिश की तो वन विभाग की टीम ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद सेतु निगम के अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा गया। बताते हैं कि सेतु निगम के एक बड़े अधिकारी इस मामले को लेकर प्रशासन के एक उच्चाधिकारी के पास पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के कब्जे से विभाग की मशीन को मुक्त कराने के लिए आग्रह भी किया। हालांकि इन अधिकारी का दबाव पड़ने के बाद वन विभाग ने इस मशीन को छोड़ दिया है। इससे पहले चौपुला चौराहे के पास भी बगैर एनओसी के सर्विस लेन बनाने पर सेतु निगम और वन विभाग के अधिकारियों के बीच लंबे समय तक तनातनी मची रही थी।
‘एनओसी की प्रक्रिया चल रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने आपत्ति जताई थी। हालांकि एनओसी मिलने के बाद ही अब सर्विस लेन का काम कराया जाएगा।’
- वीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम