आंवला। एक ग्राम प्रधान को अफीम तस्करी में जेल भेजने की धमकी देकर उससे साथ लाख रुपये वसूलने वाले दो दरोगा और दो सिपाहियों को दो थानों की पुलिस तीन दिन बाद भी तलाश नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश देने का दावा कर रही है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव ढकिया के प्रधान छत्रपाल ने मंगलवार को दरोगा नितिन शर्मा, मुकेश कुमार, सिपाही धनंजय सिंह, देवेंद्र और एक होमगार्ड पर जबरन हाथ पर स्मैक रखकर वीडियो बनाने और जेल भेजने की धमकी देकर सात लाख रुपये वसूलने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इधर, जांच में प्रधान के आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने दोनों दरोगा और सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। रिपोर्ट दर्ज होने की भनक लगते ही चारों भाग गए। उनकी भूमिका की विस्तृत जांच सीओ रामप्रकाश को सौंपी गई है। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने के लिए बिशारतगंज और अलीगंज थाने की टीम लगाई है। एसओ मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए हाथरस, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सोरों, कासगंज में दबिश दी गई, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। उनके मोबाइल भी बंद हैं। पुलिस अब कोर्ट से उनके गैर जमानती वारंट जारी कराने की तैयारी कर रही है।