धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। छेड़छाड़ के आरोपी पर कार्रवाई न करने और आरोपी व उसके परिवार वालों की धमकी से आहत युवती ने रविवार को कीटनाशक पीकर जान दे दी। मौत के बाद पुलिस ने पिता से दी गई तहरीर की फोटो कॉपी भी सुबूत मिटाने के लिए ले ली। अब पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं दी गई थी। रविवार शाम आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर करीब दो बजे 19 वर्षीय बेटी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। छोटी बहन ने खेत पर जाकर पिता को खबर दी। इसके बाद युवती को प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती के पिता ने बताया कि शुक्रवार की रात गांव का ही युवक प्रमोद उनके घर में घुस आया और बेटी से छेड़छाड़ की थी। बेटी के चीखने-चिल्लाने पर वह भाग गया था। कुछ देर बाद बेटी अपनी मां के साथ घर के बाहर गई तो आरोपी फिर पहुंच गया और छेड़छाड़ की कोशिश की, लेकिन उसकी मां युवक से भिड़ गई। इस पर युवक मां को पीटकर भाग गया। शनिवार सुबह पिता अपनी बेटी और पत्नी के साथ धौरहरा कोतवाली गया। पुलिस को युवक के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने उसे टरका दिया।
पुलिस में शिकायत की जानकारी जब आरोपी और उसके घर वालों को हुई तो शनिवार की शाम ही उन लोगों ने पीड़ित के घर पहुंचकर गाली गलौज की। इससे आहत युवती ने रविवार को घर में रखा कीटनाशक पी लिया। पिता ने बताया कि वह बेटी की मौत की सूचना देने कोतवाली गए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक घर पहुंचे और शनिवार को दी गई तहरीर की दूसरी कॉपी मांगी। पीड़ित ने वह कॉपी पुलिस को दे दी। पुलिस अब तहरीर मिलने और छेड़छाड़ मामले की जानकारी होने से साफ इनकार कर रही है।