बरेली। टेरर फंडिंग मामले में आरोपी मास्टरमाइंड सदाकत को एटीएस ने रिमांड पर लिया था। छह दिन तक लखनऊ में पूछताछ करने के बाद बुधवार को उसे बरेली जिला जेल वापस लाया गया। इस बीच उससे हवाला और टेरर फंडिंग के धंधे से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की गई।
एटीएस ने पहले टेरर फंडिंग में गिरफ्तार किए गए दो नाइजीरियन नागरिकों माइकल और हरमन असगा पीटर को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की थी। दोनों ने भारत और नेपाल में अपने एजेंटों और नेटवर्क के बारे में एटीएस को जानकारी दी। एटीएस ने जांच आगे बढ़ाने के लिए कोर्ट से सदाकत की रिमांड मांगी। कोर्ट ने सात नवंबर से एटीएस को सदाकत की छह दिन की रिमांड मंजूर की। लखनऊ एटीएस ने छह दिन तक सदाकत से हवाला के धंधे और इस रकम को आतंकी गतिविधियों में शामिल करने के बारे में पूछताछ की। सूत्र बताते हैं कि एटीएस को हवाला के धंधे से जुड़े तो काफी साक्ष्य मिले हैं पर इसे टेरर फंडिंग साबित करने का कोई ठोस प्रमाण अभी नहीं मिल सका है। बुधवार दोपहर सदाकत बरेली जेल लाया गया। एटीएस उसे दोबारा रिमांड पर ले सकती है।