हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले जावेद नाम के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यूपी पुलिस को ट्वीट कर गई शिकायत के बाद डीजीपी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी के हत्यारों के तार बरेली से भी जुड़े मिले हैं। एसटीएफ यहां से नात ख्वाह और एक वकील को गिरफ्तार कर चुकी है। थाना किला की मलूकपुर चौकी इलाके में पूर्वियान मस्जिद के पास रहने वाले जावेद ने कमलेश तिवारी की हत्या के बाद फेसबुक पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट की थी।
उसने लिखा था कि कमलेश तिवारी की तरह औरों का भी नंबर आएगा। इतना ही नहीं उसने प्रधानमंत्री की एडिट की हुई फोटो के साथ भद्दी टिप्पणी भी की थी। धनंजय सूर्यवंशी नाम के व्यक्ति ने यूपी पुलिस के ट्वीटर हैंडल पर इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
डीजीपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। जावेद की भोजीपुरा के पीपलसाना चौधरी में मरंदापुर रोड पर न्यू माडर्न लेस सेंटर के नाम से दुकान है। प्रभारी निरीक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि आरोपी को उसकी दुकान से गिरफ्तार कर लिया गया। एसआई अशोक कुमार की ओर से उसके खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसे जेल भेज दिया गया है।