बरेली। कथा पाठ करके देर रात मंदिर लौट रहे एक बाइक पर सवार दो कथा वाचकों और एक छात्र की बड़ा बाईपास पर अहलादपुर चौकी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। दोनों साधुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छात्र की जिला अस्पताल में मौत हुई। बृहस्पतिवार सुबह छात्र की शिनाख्त के बाद उसके परिजन को सूचना दी गई। हादसे के बाद से मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
इज्जतनगर क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी 18 वर्षीय शिवम हाईस्कूल का छात्र था। उसकी गांव स्थित मंदिर के पुजारी सीतापुर निवासी कथा वाचक मनोज कुमार से अच्छी जान-पहचान थी। दोनों अक्सर पूजा-पाठ में साथ रहते थे। बुधवार रात गांव के ही एक लॉन में हो रहे कथा के आयोजन में मनोज को जाना था। मनोज वहां शिवम को भी अपने साथ ले गए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों वहां से लौट रहे तो रास्ते में देवरनियां के शरीफनगर गौंटिया निवासी कथा वाचक खेमेंद्र पाल शर्मा पैदल जाते मिले। इस पर मनोज ने खेमेंद्र को भी बाइक पर बैठा लिया। लौटते वक्त अहलादपुर चौकी चौकी के पास किसी वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मनोज और खेमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। शिवम ने देर रात जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
नरियावल में कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर
बिथरी चैनपुर क्षेत्र के नरियावल में बुधवार रात बाइक से घर लौट रहे कैंट के गांव मोहनपुर निवासी सईद खां को सेटेलाइट की आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला, लेकिन एक गार्ड उसमें बैठा रह गया। मौके पर जुटी भीड़ ने उसे घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक कार क्षेत्र में स्थित एक यूनिवर्सिटी के नाम रजिस्टर्ड है।