बरेली। धनतेरस के शुभ मुहूर्त में लोग खरीदारी करना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने बृहस्पतिवार देर रात तक ऑटोमोबाइल शोरूम पर मनपसंद वाहनों की बुकिंग कराई। सबसे ज्यादा भीड़ दोपहिया वाहनों के शोरूम पर दिखी। प्रमुख सराफा शोरूमों पर भी लोगों की भीड़ बनी रही। लोग होम डिलीवरी ऑफर को पसंद कर रहे हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक एवं बर्तन बाजार में धनतेरस पर बिक्री को लेकर बृहस्पतिवार रात तक तैयारियां चलती रहीं।
शुक्रवार को धनतेरस का त्योहार है और अधिकांश घरों में लोग खरीदारी की तैयारी में हैं। वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सोना-चांदी, बर्तन समेत हर बाजार में व्यापारियों ने भी त्योहार को लेकर बड़ी तैयारियां की हैं। बृहस्पतिवार को बाजार बंदी का दिन होने के बावजूद बाजार में जमकर खरीदार उमड़े। व्यापारी भी इसको लेकर उत्साहित हैं और त्योहार पर अच्छी ब्रिकी की उम्मीद जता रहे हैं। वाहन बाजार में भी बड़ी तादात में लोगों ने बुकिंग कराई है और इन सभी वाहनों की डिलीवरी धनतेरस को होनी है। वहीं, बृहस्पतिवार को बाजार में देर रात मिठाई और ड्राई फ्रूट की भी जमकर खरीदारी होती रही।
ऑटोमोबाइल और सराफा कारोबार में बूम
धनतेरस से एक दिन पहले तक चार पहिया और दो पहिया वाहन की प्रमुख एजेंसियों पर एक हजार से ज्यादा वाहनों की बुकिंग की गई है। ऑटोमोबाइल कारोबारी बाजार के लिए यह अच्छा संकेत मान रहे हैं। नकद वाहन खरीदने वालों के अलावा फाइनेंस कराने वालों की भी कतार लगी हुई है। फाइनेंस करने वाली कंपनियों ने भी इसके लिए तमाम ऑफर दिए हैं। ऑटोमोबाइल कारोबारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि वाहन की फाइनेंस प्रक्रिया को आसान किया गया है। अब सिर्फ आधार कार्ड से ही वाहन फाइनेंस किए जा रहे हैं। ऐसे ऑफर शहर की तमाम एजेंसियों पर उपलब्ध हैं। वहीं, सराफा बाजार में धनतेरस से एक दिन पहले तक सजावट होती रही। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सिविल लाइंस में एक कारोबारी ने अपनी दुकान के बाहर पांच फुट का झुमका लगाया है। प्रमुख सराफा कारोबारी सुबोध अग्रवाल, संदीप अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस के दिन ही उर्स की भीड़ होगी। इसलिए ग्राहकों की चिंता को देखते हुए ऑनलाइन डिलीवरी की सुविधा भी दी जा रही है।