मेहंदी लगाने के बदले ज्यादा रुपये न देने पर दंपती को जान से मारने की धमकी दी गई है। इज्जतनगर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर थाने की सिल्वर स्टेट कॉलोनी के दुर्गेश यादव की पत्नी ने करवाचौथ पर मेहंदी लगवाने के लिए शाहिद मिस्त्री की पत्नी को बुलाया था। दुर्गेश का कहना है कि मेहंदी लगाने के बदले जो रुपये तय हुए थे वह दे दिए गए।
इसके बावजूद शाहिद की पत्नी ज्यादा रुपयों की मांग कर रही थी। मना करने पर उसने अभद्रता की। सोमवार को दुर्गेश की पत्नी के मोबाइल पर कॉल करके रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शाहिद और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।