बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर के कृषि एवं प्रौद्योगिकी संकाय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) कृषि प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संकाय अध्यक्ष की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसलिंग आठ जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी संकाय के सेमिनार हॉल में आयोजित की जाएगी। यह काउंसलिंग मेरिट और ओपन रैंक के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार के आरक्षण नियमों के तहत होगी।
प्रो. उपेंद्र कुमार ने बताया कि आठ जुलाई को सुबह नौ बजे से ओपन कैटेगरी की रैंक एक से 125 तक के अभ्यर्थियों को रिपोर्ट करनी होगी, जबकि रैंक 126 से 247 तक के अभ्यर्थियों के लिए सुबह 11 बजे का समय तय किया गया है। इसके अतिरिक्त सशस्त्र बल, दिव्यांग, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित, ईडब्ल्यूएस और महिला श्रेणी की सभी रैंक के पात्र अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीटों के मुकाबले दोगुने अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है, इसलिए काउंसलिंग में शामिल होने मात्र से प्रवेश की गारंटी नहीं होगी और सीटें भरते ही प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ समर्थ पोर्टल पर भरे गए ऑनलाइन आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी, सभी मूल अंकपत्र व प्रमाणपत्र, फोटो पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और सभी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट लाना अनिवार्य है। इसके साथ ही आरक्षण का लाभ लेने के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी वैध जाति प्रमाणपत्र और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मान्य ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र मूल रूप में प्रस्तुत करना होगा। काउंसलिंग के समय प्रवेश की पुष्टि होने पर अभ्यर्थी को उसी दिन 40,000 रुपये की प्रवेश फीस ऑनलाइन मोड या फाइनेंस ऑफिसर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पक्ष में बरेली में देय डिमांड ड्राॅफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी। तय समय पर फीस जमा न करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश निरस्त माना जाएगा।