बरेली। कलक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में मंगलवार को जिलाधिकारी ने कहा कि 11 फरवरी को होने वाले टीकाकरण में कोशिश करें कि चयनित किए गए लोगों में कोई छूट ना जाए। बृहस्पतिवार को होने वाले टीकाकरण में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद, डीएम नितीश कुमार और सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग भी टीका लगवाएंगे।
डीएम ने आम जनता के टीकाकरण के संबंध में पूछा तो जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पीवी कौशिक ने बताया कि अप्रैल माह में 50 साल से अधिक उम्र वालों को टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को 42 और 12 फरवरी को 35 सत्रों (स्थानों ) में टीकाकरण कराया जाएगा। सीएमओ डॉ. एसके गर्ग ने बताया कि 11 को कोवीशील्ड वैक्शीन और 12 फरवरी को कोवाक्सिन वैक्सीन लगेगी। इस दौरान रेलवे से आए अधिकारी ने इज्जत नगर में 11 और जंक्शन पर खड़े 11 आइसोलेशन कोच के बारे में पूछा तो डीएम ने कहा कि हमने एक लाख लोगों के लिए यहां व्यवस्था की थी। कोच की हमें जरूरत नहीं है, ये पहले ही बता दिया था। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।