बीते पांच दिनों में सेना के आठ सैन्यकर्मी मिल चुके हैं संक्रमित
बरेली। बीते कुछ दिनों से सैन्य कर्मियों में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद रविवार को कई सैन्यकर्मी जांच कराने कोविड अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर गौर करें तो पांच दिन में ही आठ सैन्यकर्मी संक्रमित हुए हैं। लिहाजा, उनके संपर्क में आने वालों के साथ ही अवकाश से वापस आए कर्मियों की कोरोना जांच कराई जा रही है।
रविवार को जेएलए की बस से 18 सैन्यकर्मी सैंपलिंग के लिए तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय पहुंचे। जिनकी आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिया गया है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, अब तक मिलिट्री अस्पताल में जांच की सुविधा थी मगर कुछ दिनों से जांच प्रक्रिया स्थगित है। जिसकी वजह से तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय में आना पड़ा। बताया जाता है कि संक्रमितों की तादाद बढ़ने के बाद उनके संपर्क में आने वालों की एहतियातन जांच कराई जा रही है। इसके अलावा वे सैन्यकर्मी जो हाल ही में अवकाश से वापस आए हैं उनकी भी जांच कराई जा रही है। संक्रमित मिलने पर उन्हें नियमानुसार आइसोलेशन वार्ड में रहना होगा।
दो दिन बाद सोलर ट्री की बिजली से जगमगाएगा अस्पताल
बरेली। तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय में सोलर ट्री का निर्माण कार्य रविवार को पूरा हो गया। सीएमएस डॉ. वागीश वैश के मुताबिक, बिजली कनेक्शन का काम दो दिनों में पूरा हो जाएगा। जिसके बाद अस्पताल परिसर में बिजली आपूर्ति की शुरुआत कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर आसमान साफ रहा और धूप खिली तो करीब पांच किलोवाट बिजली आपूर्ति होने की उम्मीद है। इससे अस्पताल में लगाए गए ज्यादातर बिजली उपकरण चल सकेंगे। एक ओर बिजली की बचत होगी तो दूसरी ओर, लोग भी सौर्य ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित होंगे। ब्यूरो
ड्राई रन से पहले आज परखेंगे मुस्तैदी
बरेली। कोविड वैक्सीनेशन से पहले पांच जनवरी को जिले के छह निजी और सरकारी अस्पताल में ड्राई रन होगा। जिसकी रिपोर्ट शाम तक शासन को भेजना जरूरी है। सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग के मुताबिक व्यवस्थाओं में कहीं कोई खामी न रहे इसलिए चार जनवरी को अस्पताल और स्टाफ को दिए गए प्रशिक्षण के बाद मुस्तैदी परखने के लिए रिहर्सल होगा। जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। ब्यूरो