बदायूं। सहसवान इलाका हॉटस्पॉट तो पहले ही घोषित किया जा चुका है। एक के बाद एक केस मिलने से यह और ज्यादा संवेदनशील होता जा रहा है। अब तक यहां चार केस मिल चुके हैं। इससे जिला प्रशासन में खलबली मच गई है।
सहसवान इलाके में सबसे पहला केस छह अप्रैल को मिला था। यह कोरोना संक्रमित मुंबई के बडाला निवासी था। दो अप्रैल को मुंबई के छह लोगों के सैंपल भेजे गए थे, जिनमें एक युवक कोरोना संक्रमित निकला था। उसे तुरंत बरेली भेज दिया गया था, जबकि उसके पांच साथी जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में क्वारंटीन किए गए थे। दूसरा केस 10 अप्रैल की रात सहसवान इलाके के भवानीपुर खल्ली में मिला। यह संक्रमित आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले का निवासी है। वह अपने चार साथियों और तेलंगाना की पांच महिलाओं के साथ एक मस्जिद में रुका हुआ था। उसे तो बरेली भेज दिया गया था लेकिन उसके साथियों को जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में क्वारंटीन किया गया था। तीसरा केस 15 अप्रैल की रात उसी गांव में निकला, जो दूसरे कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया था।
एक के बाद एक केस मिलने पर सहसवान इलाका पहले से हॉट स्पॉट घोषित है। सहसवान के अलावा उसके आसपास के 14 गांव सील हो चुके हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार इस प्रयास में है कि इलाके में सुधार कैसे लाया जाए। गुरुवार रात आई रिपोर्ट ने जिला प्रशासन में और खलबली मचा दी। मुंबई के बडाला निवासी एक और युवक कोरोना संक्रमित निकला है। 14 अप्रैल को मुंबई के बडाला निवासी पांच लोगों समेत 20 के सैंपल जांच को भेजे गए थे। इनमें से 19 निगेटिव निकले, जबकि मुंबई का एक 22 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित निकला है। इसकी सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुकुमार अग्रवाल कोरोना वार्ड पहुंच गए। संक्त्रस्मित युवक को बरेली भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
कोरोना संक्रमित निकला युवक मुंबई के बडाला का निवासी है। इसका 14 अप्रैल को दोबारा सैंपल भेजा गया था। अब यह संक्रमित निकला है। उसे बरेली भेजा जा रहा है। - डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ
मुंबई के बडाला निवासी एक युवक कोरोना संक्रमित निकला है, जबकि उसके पांच साथी निगेटिव आए थे। चूंकि वह कोरोना वार्ड में रहे और अन्य लोगों के संपर्क में आए, जिससे उनके सैंपल दोबारा जांच को भेजे गए थे। इनमें एक और कोरोना संक्रमित निकला है। - कुमार प्रशांत, डीएम