बरेली। कोरोना की संभावित चौथी लहर की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ट्रैकिंग शुरू कर दी है। चार दिन पहले सिंगापुर से लौटे दंपती को ट्रैक कर उनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की गई। इसके मुताबिक दंपती ने सिंगापुर में आरटीपीसीआर जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव है। दोनों होम आइसोलेशन में हैं।
सर्विलांस सेल इंचार्ज डॉ. अनुराग गौतम ने बताया कि स्टेट सर्विलांस की ओर से शनिवार को विदेश से लौटे लोगों की सूची मिली। इसमें बरेली के दो लोग शामिल हैं जो सिंगापुर से तीन जनवरी को शहर आए थे। दोनों से संपर्क किया गया। वीर सावरकर नगर निवासी 64 वर्षीय महिला और 65 वर्षीय पुरुष दोनों ही लक्षण रहित हैं। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र को उनकी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध लक्षण मिलने पर दोनों की फि र से आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी।