बरेली। एलन क्लब सब्जी मंडी को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ने लगा है। ठेकेदार बढ़ा किराया मांग रहा है, न देने पर मंडी से बाहर करने की धमकी दे रहा है। शनिवार को सब्जी विक्रेता उप नगर आयुक्त पूजा त्रिपाठी से मिलने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि ठेकेदार जितने रुपये मांग रहा है उतने देने पड़ेंगे। गुस्साए सब्जी विक्रेता वहां से चले आए। उन्होंने निगम के अधिकारियों पर ठेकेदार के पक्ष में खड़े होने का आरोप लगाया है।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि दो दिन पूर्व ठेकेदार नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के सुरक्षा गार्डों को लेकर एलन क्लब सब्जी मंडी पहुंचा। यहां शुल्क वसूली को लेकर सब्जी विक्रेताओं से नोकझोंक हुई। ठेकेदार ने नगर निगम के अफसरों से कहा कि उसने ठेका लिया है, इसलिए पर्याप्त शुल्क न देने वाले सब्जी विक्रेताओं को मंडी से निकालने का अधिकार उसे दिया जाए।
शनिवार को उप नगर आयुक्त पूजा त्रिपाठी के बुलावे पर सब्जी विक्रेता उनके कार्यालय पहुंचे। यहां उप नगर आयुक्त ने सब्जी विक्रेताओं से कहा कि ठेकेदार जितने रुपये मांग रहा है उसे उतने रुपये देने पड़ेंगे। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि पहले वह सौ रुपये देते थे। एक महीने तक ठेकेदार ने 150 रुपये के हिसाब से वसूले। अब 160 रुपये मांगे जा रहे हैं। इतने रुपये वह नहीं दे पाएंगे।
विवाद की वजह समझने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। कुछ फड़ विक्रेता ठेकेदार को उचित शुल्क देने को तैयार नहीं है। दोनों पक्षों को बैठकर बातचीत करने के लिए कहा गया है। - पूजा त्रिपाठी, उप नगर आयुक्त