बहेड़ी। नगर पालिका की बेशकीमती जमीन पर कब्जे कर निर्माण करने के मामले में कब्जेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। अब 10 वर्षों बाद अन्य विभागों से इसकी जानकारी निकाल ली गई है। इसके आधार पर तीन लोगों के नाम सामने आए हैं, जबकि 24 से अधिक कब्जेदारों के नाम भी जांच में सामने आ सकते हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने पालिका की जमीनों पर किए गए कब्जों को हटाने और निर्माण को ध्वस्त करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा चौधरी ने पालिका के कर्मचारियों से अभिलेख मंगाकर इसकी छानबीन शुरू की तो उन्हें मालूम हुआ कि नगर पालिका के विभिन्न इलाकों में बेशकीमती जमीनों पर कब्जे कर निर्माण कर लिया गया है, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोगों के नाम सामने आ सकते है। इनकी पत्रावलियां भी पालिका कार्यालय से गायब हैं।
स्थलीय निरीक्षण में मिलीं खामियां : उन्होंने राजस्व विभाग से पालिका की जमीनों का रिकॉर्ड तलब करवाया, जो रिकॉर्ड तहसील से नहीं मिल पाया, उसको बरेली के मालखाने से मंगवाकर उसकी फाइल तैयार की।
इसके बाद एक टीम बनाकर गोपनीय रूप से स्थलीय निरीक्षण कराया। इसमें पाया गया कि कस्बे के विभिन्न इलाकों में पालिका की जमीनों पर कब्जे किए गए हैं। अब उन्होंने इन अवैध कब्जे को हटाने के लिए कार्रवाई शुरू करते हुए तीन लोगों के खिलाफ नोटिस बनवाने शुरू कर दिए हैं।
पालिका की कई जमीनों पर फर्जी तरीके से नामांतरण करवाए गए थे, जिन्हें उन्होंने खारिज कर दिया है। अब नोटिस देने के बाद कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। संवाद
नगर पालिका की बेशकीमती जमीनों पर कब्जा कर निर्माण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ निर्माण का ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी होगी। अभी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। - शशि प्रभा चौधरी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका बहेड़ी