शाही (बरेली)। महिला आरक्षी से प्रेम संबंध में खुद को कुंवारा बताने वाले शादीशुदा सिपाही अमित चौधरी को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई है। धोखे की जानकारी होने पर महिला आरक्षी ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी।
शाही थाने के आरक्षी अमित चौधरी ने खुद के शादीशुदा होने की बात छिपाकर एक रिक्रूट महिला आरक्षी से दोस्ती बढ़ाई। आरोप है कि महिला आरक्षी को शादी का झांसा देकर उससे प्रेम संबंध बनाए। कुछ दिन पहले महिला आरक्षी को अमित चौधरी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। अमित से पूछताछ में स्थिति स्पष्ट होने के बाद अवसाद में आई महिला आरक्षी ने 31 मई को एक साथ कई दवाइयां खा ली। उसकी हालत बिगड़ी तो स्टाफ ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।