बरेली। एसटीएफ ने सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश में आए अलीगढ़ के सॉल्वर गैंग के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनमें बदायूं का भी एक युवक शामिल है। उनके पास से नौ ब्लूटूथ उपकरण, सात मोबाइल फोन, छह परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र, कार व अन्य कागजात बरामद हुए हैं। सॉल्वर गैंग नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये में ठेका लेता था।
एसटीएफ के सीओ अब्दुल कादिर ने बताया कि भमोरा क्षेत्र में पकड़े गए युवकों में अलीगढ़ के खैर थानाक्षेत्र के सजना गांव का पंकज शर्मा, गोमत गांव का शिवम चौधरी, विरोला गांव का रहने वाला सतवीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा बदायूं के इस्लामनगर के परदलपुर गांव का गौरव शर्मा भी पकड़ा गया है। पंकज गैंग का सरगना है।
गैंग के पास से पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा के सात प्रवेशपत्र भी बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस गैंग ने उक्त भर्ती परीक्षा में भी सेंधमारी की कोशिश की है