स्थानीय कांग्रेसी भी रहे साथ
अजय राय के बरेली पहुंचने पर निवर्तमान महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। इनमें प्रेम प्रकाश अग्रवाल, चौधरी असलम मियां, सलीम अख्तर, राज शंर्मा, राकेश सक्सेना, डॉ. मेहंदी हसन, अधिवक्ता हेमंत शर्मा, राजेंद्र सागर, हरीश गंगवार, योगेश जौहरी, ताबिश खान आदि शामिल रहे। ये सभी लोग साथ में सौदागरान भी पहुंचे।
बरेली गंगा-जमुनी तहजीब का शहर
एक सवाल के जवाब में अजय राय ने कहा कि बरेली गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है। दंगा हो ही नहीं सकता। यहां हिंदू भाई भी खड़े हैं, सभी एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। योगी सरकार जहां-जहां लोगों पर जुल्म करती है, वहां-वहां वह जा रहे थे।
अचानक पहुंचे तौकीर के घर, खुफिया अमला हुआ सक्रिय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली से शाहजहांपुर जा रहे थे। रामगंगा मोड़ पर स्वागत के बाद शहर में चौकी चौराहा से अचानक चौपुरा की ओर से राय की गाड़ियों का काफिला मोड़ दिया गया। इसका अंदाजा साथ चल रहे कांग्रेस के नेताओं का भी नहीं हुआ कि आखिर वह कहां जा रहे हैं। अचानक वह सिटी सब्जी मंडी के रास्ते दरगाह आला हजरत, सौदागरान में तौकीर मियां के आवास पर पहुंच गए।
इसकी भनक लगते ही पुलिस और खुफिया अमला भी सक्रिय हो गया। एसपी सिटी मानुष पारीक बिहारीपुर चौकी जाकर बैठ गए। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के साथ कोतवाली पुलिस गश्त करने लगी। हालांकि मौलाना के आवास की ओर नहीं गई। सीओ प्रथम ने बताया कि यह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का निजी दौरा है। उन्होंने इसकी कोई सूचना नहीं दी थी, इसलिए अतिरिक्त सुरक्षा नहीं लगाई गई।