बरेली। भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों में एसी श्रेणी के टिकटों की मांग बढ़ गई है। बरेली होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में अगले 15 दिन तक एसी श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। ज्यादातर गाड़ियों की एसी श्रेणी में नो रूम होने के कारण टिकट बुकिंग ही बंद हो गई है। ऐसे में लोग 30 से 40 फीसदी तक ज्यादा किराया देकर विशेष गाड़ियों में टिकट बुक करा रहे हैं।
बरेली होकर औसतन अप-डाउन 200 ट्रेनों का आवागमन होता है। इस बार रेलवे पिछले साल के मुकाबले ज्यादा संख्या में ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। गर्मी के कारण लोग बसों के स्थान पर ट्रेनों में यात्रा को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। स्थिति यह है कि पूर्वांचल, बिहार, दिल्ली, पंजाब आदि स्थानों के लिए ऐन मौके पर विशेष गाड़ियों की समय सारिणी जारी करनी पड़ रही है।
रेलवे ने कुछ गाड़ियों में एसी तृतीय श्रेणी के अतिरिक्त कोच भी लगाए हैं। इसके बावजूद नियमित ट्रेनों पर दबाव कम नहीं हो रहा। रविवार को भी रेलवे ने आनंद विहार-मुजफ्फरपुर के बीच विशेष गाड़ी की समय सारिणी जारी की है।
एसी कोच में अनधिकृत यात्रियों की शिकायतें बढ़ीं
गर्मी के बीच काफी संख्या में अनधिकृत यात्री एसी श्रेणी के कोचों में भी घुस रहे हैं। इन दिनों कंट्रोल रूम में ऐसी शिकायतों की संख्या बढ़ गई हैं। सबसे बुरा हाल एसी तृतीय श्रेणी का हो रहा है। रविवार को भी 15 ट्रेनों से इस तरह की शिकायत रहीं। दूसरी ओर एसी कोचों में कूलिंग न होने की शिकायत भी आ रही हैंं। लखनऊ-देहरादून वंदे भारत के यात्रियों ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।