बरेली। कैनविज कंपनी के कथित करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले के पीड़ित निवेशकों का अनशन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान एक अनशनकारी की तबियत बिगड़ गई। सिटी मजिस्ट्रेट के मनानेे पर भी अनशनकारी नहीं माने।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। दामोदर स्वरूप पार्क में अनशन पर बैठे पीड़ित कमेटी के अध्यक्ष पंकज त्रिपाठी की हालत बिगड़ रही है। शाम साढ़े चार बजे सिटी मजिस्ट्रेट धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से वार्ता की और जल्द एसएसपी से मुलाकात का आश्वासन दिया। हालांकि अनशन कर रहे निवेशकों ने कहा कि कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी और उसके लगभग 40 सहयोगियों ने उन्हें गुमराह कर करोड़ों रुपये की ठगी की है। विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज होने और कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे पीड़ितों में आक्रोश और निराशा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो सैकड़ों अन्य पीड़ित भूख हड़ताल में शामिल होंगे।
-
पीड़ितों के आरोप
पीड़ित निवेशकों ने आरोप लगाया कि आरोपी अपने लोगों को धरनास्थल पर भेजकर अनशनकारियों को धमकियां दिलवा रहे हैं। इससे उनकी सुरक्षा पर खतरा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़ितों ने डीएम से कन्हैया गुलाटी और उसके सहयोगियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारी विनोद कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि अनशन के दौरान किसी पीड़ित की तबीयत अधिक बिगड़ती है या कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।