बरेली। भारत सरकार के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत अब आंगनबाड़ी वर्कर को भी कंप्यूटर की ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग देने के लिए तमाम एनजीओ की ओर से विकास भवन में आवेदन किया जा रहा है।
डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विभाग को इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जरूरी है कि सभी कर्मचारी कंप्यूटर ट्रेंड हों। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी वर्कर जो दसवीं और 12वीं पास हैं, भारत सरकार उन्हें तकनीक से रूबरू कराएगी। इन्हें 20 दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद इनकी परीक्षा होगी और सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए तमाम एनजीओ ने आवेदन दिया है। डीपीओ के सामने समस्या यह है कि किस एनजीओ को किस मानक के आधार पर चुनें, क्योंकि सरकारी तौर पर कोई गाइडलाइन नहीं जारी की गई है।