बरेली। मेटा अलर्ट प्रणाली की मदद से कैंट थाना पुलिस ने अवसाद से घिरे निजी अस्पताल के कंपाउंडर को आत्महत्या करने से बचा लिया। उसने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट कर अपनी जान देने की बात कही थी। पुलिस ने उसे तलाशकर काउंसलिंग की तो उसने गलती स्वीकार कर ली।
कैंट थाना पुलिस के मुताबिक आकाश ने बी फार्मा किया है। वह नकटिया के एक अस्पताल में कंपाउंडर है। वह इंस्टाग्राम पर राजस्थान के बूंदी निवासी एक लड़की से बात करता था। दो-तीन दिन से प्रेमिका उसकी कॉल का जवाब नहीं दे रही थी। इस कारण आकाश ने आवेश में आकर बृहस्पतिवार शाम इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट कर खुद की जान देने की चेतावनी दे दी।
इस पोस्ट को मेटा अलर्ट प्रणाली ने तुरंत चिह्नित कर लिया। अलर्ट मिलने के बाद कैंट पुलिस हरकत में आई। दरोगा रोहित तोमर ने आकाश के पिता कालीचरन से संपर्क किया। पुलिस ने आकाश को ढूंढ निकाला। उसे समझाया गया कि जीवन अनमोल है। उसे धैर्य रखने और समस्याओं का सामना करने की सलाह दी गई। तब आकाश ने स्वीकार किया कि वह अवसाद में था। अब कभी ऐसा नहीं करेगा।