- शिकायत पर नाले की पैमाइश करने के लिए पहुंची थी टीम
नवाबगंज। नाले की पैमाइश करने के लिए पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने ही दूसरे पक्ष ने शिकायतकर्ता को पीट दिया। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। मारपीट के बाद टीम भी पैमाइश किए बिना ही लौट गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के नवदिया कस्साव गांव निवासी जगरूप ने बताया कि उनके खेत के पास सरकारी नाला है। इस पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। इस मामले की शिकायत उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से की थी। डीएम ने एसडीएम को जांच के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में मंगलवार को तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने राजस्व निरीक्षक लालाराम गंगवार, श्याम सुंदर गुप्ता, लेखपाल पिंकी मिश्रा और जीशान की टीम बनाकर मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। गांव पहुंची टीम ने शिकायतकर्ता को बुलाया।
जगरूप का आरोप है कि पैमाइश के दौरान ही कब्जा करने वाले लाठी-डंडे लेकर आ गए। उन्होंने पिटाई शुरू कर दी। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। थाना प्रभारी अरूण कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच कराई जा रही है।