उद्योग विभाग ने शुरू किया खाली प्लॉटों का आवंटन, आज निवेशकों की लगेगी चौपाल, डीएम करेंगे सुनवाई
बरेली। सौ दिन सौ उद्योग में सैकड़ों पेच होने से निवेशक परेशान घूम रहे हैं। इस बीच उद्योग विभाग ने भोजीपुरा व अन्य औद्योगिक क्षेत्र में खाली पड़े प्लॉटों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने छह जनवरी तक आवेदन मांगे हैं। उधर, नए उद्योग लगाने वाले निवेशक भूमि की श्रेणी बदलवाने के लिए तहसील और एसडीएम कार्यालयों में चक्कर लगा रहे हैं। डीएम की नाराजगी के बावजूद सिस्टम सुनवाई को तैयार नहीं है।
कोई भी उद्योग लगाने के लिए पहली जरूरत जमीन की रहती है। मगर, उद्योग लगाने से पहले जमीन को औद्योगिक अथवा व्यावसायिक श्रेणी में दर्ज कराना जरूरी होता है। यह कार्य तहसील और एसडीएम कार्यालय से निस्तारित होता है लेकिन स्थिति यह है कि डीएम नितीश कुमार द्वारा सौ दिन सौ उद्योग योजना घोषित करने के बावजूद सिस्टम निवेशकों की नहीं सुन रहा है। डीएम ने हर बुधवार को ऐसे मामले निस्तारित कराने के लिए चौपाल लगाने को कहा है। दूसरी चौपाल बुधवार छह जनवरी को जिला उद्योग केंद्र परिसर में दोपहर बारह बजे लगेगी। बताते हैं कि चौपाल में डीएम भी मौजूद रह सकते हैं।
अब उद्योग विभाग ने मीरगंज, भोजीपुरा, शेरगढ़ में खाली पड़े 70 भूखंडों का आवंटन शुरू कर दिया है। निवेशकों से आग्रह किया है कि वह छह जनवरी को अपने प्रस्ताव दे दें। सबसे ज्यादा खाली प्लॉट भोजीपुरा इंडस्ट्रियल में 42 प्लॉट हैं। जबकि शेरगढ़ में 22, मीरगंज में छह प्लॉट आवंटित होने हैं।
परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में कल पहुंचेंगे अफसर
बरेली। बीते दिनों हुई उद्योग बंधु की बैठक में परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त न होेने का मामला उद्यमियों ने उठाया था। हालांकि, यह समस्या हर बैठक में उठाई जाती रही है। इसलिए डीएम नितीश कुमार ने सभी उद्यमी संगठन प्रमुखों से कहा है कि सात जनवरी को संबंधित अफसर औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। इसलिए इस मौके पर उद्यमी अपने सुझाव रख सकते हैं।