सिरौली। बाइक और मिनी बस में हुई टक्कर में भाजपा नेता घायल हो गए। बुधवार की शाम छह बजे यह हादसा हुआ। घायल भाजपा नेता को उपचार के लिए शाहबाद ले जाया गया है।
सिरौली भाजपा मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गांव केसरपुर निवासी महेंद्र स्वरूप महेश्वरी उर्फ बल्लू बेटे की शादी समारोह के लिए कार्ड बांट रहे थे। इसी क्रम में वह बाइक से गांव नामदार गंज आए। तभी पीछे से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक उन्हें घायल छोड़कर भाग गया।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन आए और उन्हें उपचार के लिए शाहबाद ले गए। बताते है कि बृहस्पतिवार को उनके बेटे केशव माहेश्वरी की बरात फतेहगंज जाएगी। इधर, सिरौली के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष यशु गुप्ता, अवनीश मौर्य, अर्जुन सिंह कठेरिया ने टक्कर मारने वाले गाड़ी के चालक को पकड़ने की मांग की है। उधर, कोतवाल रामरतन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद