बरेली। कड़ाके की सर्दी का दौर धीरे-धीरे शुरू होने लगा है। सुबह-शाम के समय चलने वाली सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं। हालांकि अभी दिन में धूप खिलने से राहत मिल रही है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में कोहरा बढ़ने की भी संभावना है।
दिसंबर मध्य आने के बावजूद इस साल पहले जैसी सर्दी नहीं पड़ रही है। सुबह और शाम को छोड़ दें तो अब तक सर्दी का एहसास भी नहीं हुआ है। यह सिलसिला अब टूटने के आसार है। शुक्रवार को बरेली प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी देखी गई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान शुक्रवार की तरह 23 डिग्री सेल्सियस ही रहा। शनिवार सुबह के समय कोहरा भी छाया रहा। सर्दी के चलते मार्निंग वॉक पर निकलने वालों को गर्म कपड़ों में पूरी तरह शरीर को कवर करके जाना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के दौरान ठंडी हवाएं चलने के साथ तापमान में और गिरावट आने की आशंका जताई है।