बरेली। कॉफी... रिश्तों को प्रगाढ़ करती है। इसमें मौजूद कैफीन शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाता है। इससे याददाश्त भी तेज होती है। मनोविज्ञानी सुरभि श्रीवास्तव के मुताबिक साथ कॉफी पीने से रिश्तों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एक-दूसरे के प्रति समझ बढ़ती है। रिश्तों में गर्माहट बनी रहती है। हालांकि, एक दिन में 100 मिलीग्राम से ज्यादा कैफीन का सेवन हानिकारक भी हो सकता है। विश्व कॉफी दिवस पर हम आपको इसके विभिन्न स्वरूपों से परिचित कराते हैं।
कैपचिनो
आमतौर पर क्लब या रेस्त्रां में मिलने वाली झागयुक्त कॉफी कैपचिनो होती है। इसे घर में भी तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए झाग वाले उबले हुए दूध का प्रयोग किया जाता है। इसे आकर्षक लुक देने के लिए झाग और कॉफी पाउडर का प्रयोग किया जाता है। स्वाद के लिए आप इसमें कोको पाउडर भी डाल सकते हैं।
एस्प्रेसो
आम भाषा में एस्प्रेसो को ही ब्लैक कॉफी कहा जाता है। यह काफी हार्ड होती है। इसे गर्म पानी में कॉफी पाउडर को मिलाकर बनाया जाता है। आप चाहें तो इसमें शुगर मिला सकते हैं। अगर हेल्थ कॉन्शियस हैं तो ब्लैक कॉफी में शहद का प्रयोग बेहतर होगा।
लाते
यह कैपचिनो और एस्प्रेसो का मिला-जुला रूप है। इसे तैयार करने का तरीका भी सामान्य है। एस्प्रेसो यानी ब्लैक कॉफी में ऊपर से उबला हुआ दूध डालकर इसे तैयार किया जाता है। इसमें मिठास का प्रयोग कम किया जाता है।
कोल्ड कॉफी
यह हेल्दी सॉफ्ट डि्रंक है। इसे तैयार करने के लिए दो चम्मच पानी में कॉफी और शुगर को मिक्स करके ऊपर से आइस क्यूब्स डाले जाते हैं। आइस क्यूब्स के ऊपर आप झाग वाला दूध डालकर इसे तैयार किया जाता है। इसकी कीमत सबसे ज्यादा होती है।
कॉफी पीने के लाभ
डायटीशियन मीना शर्मा के मुताबिक कॉफी एक बेहतर एंटी ऑक्सीडेंट है। इसमें मौजूद कैफीन मन को एकाग्र करने में मदद करता है। यह शरीर से अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करता है। डॉक्टर रक्तचाप कम होने पर कॉफी के सेवनव को कारगर बताते हैं। कॉफी का नियमित सेवन पित्त, पथरी, कैंसर आदि रोगों के जोखिम को कम करता है। मधुमेह और अल्जाइमर के रोगियों को भी इसका सेवन करना चाहिए।
ये सावधानियां जरूरी
- कॉफी में चीनी का ज्यादा प्रयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
- सोने से पहले कॉफी न पिएं।
- गर्भावस्था में कॉफी का सेवन हानिकारक है।
- अधिक सेवन से व्यग्रता व पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं।
नेचुरल ब्यूटी प्रॉडक्ट भी है कॉफी
मेकअप आर्टिस्ट श्रद्धा कथूरिया ने बताया कि कॉफी नेचुरल ब्यूटी प्रॉडक्ट भी है। स्किन से टैनिंग रिमूव करने में और ग्लोइंग स्किन के लिए इसका प्रयोग लाभकारी है। आंखों के नीचे कॉले घेरे हटाने के लिए ऑलिव ऑयल के साथ कॉफी को मिक्स कर लगाया जा सकता है। शहद और गुलाब जल के साथ कॉफी को मिक्स करके घर में ही फेस पैक तैयार कर सकते हैं। एलोवेरा जेल के साथ कॉफी को मिलाकर भी फेस पैक बनाया जा सकता है।