नई सड़कों का शिलान्यास
शिलान्यास की जाने वाली 44 सड़कों में बहेड़ी क्षेत्र की कई परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें बहेड़ी-वाहपुर नदेली भड़िया कॉलोनी के दो लेन चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रमुख है। इस पर 50.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्राम सुकटिया से नौगावां गुरभोज मार्ग का निर्माण 2.20 करोड़ रुपये से होगा। बरेली शहर में स्टेडियम रोड स्थित हार्ट कॉलोनी में नवनिर्माण पर 2.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में सड़क संपर्क को मजबूत करना है। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से यातायात सुगम होगा। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों द्वारा सभी कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि सीएम के आगमन के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी की पूर्ण सड़कों का लोकार्पण व बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया जाएगा। लोकार्पण की कुल 14 सड़कें हैं तो शिलान्यास की 44 सड़कें हैं।
सीएम के दौरे को देखते हुए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का काम तेज
शहर में कूड़े की समस्या से निजात दिलाने के लिए सथरापुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को चालू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इ । इस प्लांट के सक्रिय होने से प्रतिदिन करीब 500 मीट्रिक टन कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री के आगामी संभावित दौरे के दौरान इस परियोजना को हरी झंडी मिल सकती है।
प्लांट परिसर में आधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर और गुजरात के सफल कचरा प्रबंधन मॉडलों का अध्ययन कर रहे हैं। इन राज्यों से कचरा प्रोसेसिंग और प्लांट संचालन से जुड़ी तकनीकी रिपोर्ट भी मंगवाई जा रही हैं।
पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि इस प्लांट के चालू होने से सड़कों के किनारे लगने वाले कूड़े के ढेरों और डंपिंग की समस्या का खात्मा हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्लांट के शुरू होने के बाद शहर की पूरी कचरा प्रबंधन प्रणाली बदल जाएगी।
वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण प्रदूषण को कम करेगा। इससे जहां शहरवासियों की सेहत बेहतर होगी, वही इससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार आने की उम्मीद है। यह पहल शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी।