मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छह अगस्त को बरेली आ रहे हैं। शहर के बरेली कॉलेज में जनसभा से पहले वह 20 अरब के विकास कार्यों की सौगात जनपद के लोगों को देंगे। विभिन्न योजनाओं से एक हजार से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पूरे दिन कमिश्नर से लेकर अन्य प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में जुटे रहे।
डीएम अवनीश सिंह ने शनिवार सुबह 10:30 बजे अधिकारियों के साथ बैठक की। फिर सीडीओ देवयानी, एसएसपी अनुराग आर्य व अन्य अधिकारियों के साथ बरेली कॉलेज के प्रांगण पहुंचे। यहां तैयारियों का जायजा लिया।
मंच सहित बिजली, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था एवं साफ-सफाई के संबंध में अधिकारियों व कर्मियों को ब्रीफ किया। डीएम ने बताया कि आयोजन स्थल पर विकास कार्यक्रमों की प्रदर्शनी लगाने की भी तैयारी है। दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभाग कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास से जुड़ा विवरण तैयार कर रहे हैं।