ट्रांसपोर्टनगर से संचालित होंगे परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के वाहन
परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के भारी वाहन ट्रांसपोर्ट नगर से संचालित होंगे। बिलवा पुल व नैनीताल की ओर से आने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से लखनऊ की ओर जा सकेंगे। नैनीताल से आगरा की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाइपास से मिलक, रामपुर, शाहबाद होकर गंतव्य को जा सकेंगे।
विलयधाम-पीलीभीत की ओर से बदायूं एवं आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से मिलक, रामपुर शाहबाद होकर गंतव्य को जा सकेंगे। लखनऊ की ओर से मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से होकर गुजर सकेंगे।
इज्जतनगर से शहर में नहीं आएंगे भारी वाहन
इज्जतनगर स्टेशन तिराहा से कोई भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। मिनी बाइपास होकर गंतव्य को जा सकेंगे। रामगंगा तिराहा-बदायूं की ओर से आने वाले वाहन सुभाषनगर रोड पर नहीं जाएंगे। उनको रामगंगा तिराहे से बुखारा मोड़ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बुखारा मोड़ से भारी वाहन लाल फाटक की ओर नहीं जाएंगे। मिनी बाइपास से भारी वाहन चौपुला की ओर नहीं जाएंगे।
विलयधाम पर भी नाकाबंदी
विलयधाम से कोई भारी वाहन बैरियर-2 की ओर नहीं आने दिया जाएगा। नवदिया झादा से कोई भारी वाहन डोहरा मोड़ की ओर नहीं आने दिया जाएगा। इन्वर्टिस तिराहे से भारी वाहन सेटेलाइट तिराहे की ओर नहीं आ सकेंगे। पुराने बस अड्डे से रोडवेज बसें नावल्टी चौराहा, अय्यूब खां चौराहा से चौपला पुल होकर जाएंगी। मानपुर से कोई भारी वाहन सुरेश शर्मा नगर की ओर नहीं आने दिया जाएगा। सेटेलाइट बस अड्डे से रोडवेज बसें नकटिया होते हुए जाएंगी।
सीएम की सुरक्षा में 1200 पुलिसकर्मी
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 1200 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। एसपी सिटी सुरक्षा व्यवस्था व एसपी ट्रैफिक रूट व्यवस्था के प्रभारी बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा त्रिस्तरीय रहेगी। सीएम के आसपास एनएसजी कमांडो व अन्य एजेंसियों के अधिकारी रहेंगे। प्रशासन ने अधिकतर होटल अधिग्रहित कर लिए हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिहाज से बरेली जोन के जिलों से एक हजार पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं।
दो जोन, चार सेक्टर और सात सब सेक्टर में कार्यक्रम स्थलों को बांटकर सुरक्षा व यातायात संबंधी ड्यूटी लगाई गई है। आठ एएसपी, 16 सीओ भी जोन व सेक्टर स्तरीय व्यवस्था में लगाए गए हैं। कई पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में लगाए गए हैं जो टोह लेने के साथ ही अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे।