'आतंकवाद-नक्सलवाद समस्या का हुआ समाधान'
उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद की समस्या का समाधान धारा 370 समाप्त होने के साथ ही हो गया है। आज भारत का कोई भी नागरिक जम्मू-कश्मीर में जाकर जमीन खरीद सकता है। कांग्रेस ने इससे वंचित किया था। उन्होंने कहा कि देश के अंदर नक्सलवाद समस्या का समाधान हुआ है। सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। मुख्यमंत्री ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज हाईवे बन रहे हैं। रेलवे की बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। आईआईटी-आईआईएम बन रहे हैं। मेगा फूड पार्क का काम बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक जैसी सरकारें होती हैं। अच्छे लोग चुनकर जाते हैं तो उसका परिणाम भी अच्छा होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी भूमाफिया सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा करेगा। चाहे वह रामलला की भूमि हो या किसी गरीब या व्यापारी की भूमि हो। उसको लेने के देन पड़ेंगे। अगर किसी ने भूमाफिया बनकर गरीब या सार्वजनिक की जमीन पर कब्जा किया है तो ब्याज सहित उसकी वसूली होगी। फिर उनकी संपत्ति पर गरीबों के लिए आवास बनाएंगे, जैसा प्रयागराज में किया था।
गन्ना किसानों को साधा
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 120 चीनी मिल चल रही हैं। 105 चीनी मिल एक सप्ताह के अंदर भुगतान कर रही हैं। 15 चीनी मिलों का भुगतान लेट है। ढाई लाख करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किसानों के खातों में किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग इतना भुगतान नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि जो चीनी मिलें गन्ना भुगतान समय पर नहीं करेंगी हम किसानों को उसका मालिक बनाएंगे। अन्नदाता किसान ही उन चीनी मिलों को संचालित करेंगे। एक-एक पाई का हिसाब का लेंगे। हम समस्या नहीं देते, हम समाधान पर विश्वासन करते हैं।
योगी ने कहा कि बरेली में पहले तो हर महीने दंगा होता है। आज दंगाई जान की भीख मांगते फिरते हैं। अब यह नहीं हो पाया कि दंगा भी कराएंगे और फिर किसी पार्टी में जाकर जबरदस्ती फतवे जारी करके अव्यवस्था पैदा करेंगे। अब यह कतई स्वीकार नहीं है। कहा कि माफिया गले में तख्ती लटकाकर घूम रहे हैं।
संतोष गंगवार ने कहा- नैया पार लगाना है
बरेली के सांसद संतोष गंगवार ने कहा कि वह जनता के प्यार और आशीर्वाद से 40 साल से यहां राजनीति करते आ रहे हैं। उन्होंने अपनी बिरादरी से कहा कि कहीं बहकना नहीं है, इस बार भाजपा की नैया को पार लगाकर एक अच्छा संदेश देना है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 38 मिनट तक जनता से संवाद साधा।
मंच से उतरते ही योगी ब्रह्मदेव स्थल पहुंचे सुरक्षा तंत्र के छूटे पसीने
सीएम योगी अपना भाषण समाप्त कर जैसे ही मंच से उतरे तो उनकी निगाह ब्रह्मदेव स्थल पर पड़ी। वे अचानक वहां पहुंच गये। उनकी सुरक्षा में लगा तंत्र भी अचानक सकते में आ गया और स्थिति संभालने में पसीना-पसीना हो गया। करीब सौ कदम चलकर योगी ने ब्रह्मदेव स्थल पर मत्था टेका।
सीएम को भेंट की गुरुद्वारे की फोटो और गदा
सीएम योगी को क्षेत्र के सिख समाज की ओर से गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन सरदार जुगेंद्र सिंह ने मंच पर नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे का फोटो फ्रेम भेंट किया। वहीं दूसरी और भाजपा पदाधिकारी राहुल गुप्ता व सुनील रस्तोगी ने सीएम को गदा भेंट की।
जितिन प्रसाद ने बहेड़ी के भूमाफिया को चेताया
मुख्यमंत्री से पहले भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कोई भी माफिया और भूमाफिया स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बहेड़ी के रामलीला मैदान से लेकर सरकारी जमीनों तक में धड़ल्ले से हो रहे कब्जों व निर्माण के मुद्दे को सीएम के सामने उठाया और भूमाफिया को मंच से चेतावनी भी दी।
उन्होंने इस क्षेत्र की सबसे प्रमुख केसर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की मांग को भी सीएम के सामने रखा। सीएम ने कहा कि सबसे पहला काम केसर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने का होगा। इस पर क्षेत्र के लोगों ने जयकारे के साथ सीएम का धन्यवाद किया।