मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने बरेली कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने नाथनगरी बरेली को नमन करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि छह साल में बरेली समेत पूरा उत्तर प्रदेश दंगामुक्त और भयमुक्त हुआ है। उत्सव और महोत्सव का प्रदेश बन गया है। देश बदल चुका है। वैश्विक मंच पर भारत को नई पहचान मिली है। दुनिया की धारणा उत्तर प्रदेश के बारे में बदली है। आज भारत वैश्विक लीडर के रूप में उभरा है।
परिवारवाद और जातिवाद पर हमला
सीएम योगी ने कहा कि 2017 पहले दंगे होते थे। अराजकता चरम पर थी। पर्व और त्योहारों पर भय और दहशत का माहौल पैदा किया जाता था। बहन बेटियां बाजार नहीं नहीं जा पाती थीं। जातिवादी और परिवारवादी दल अवसरवादी और तमंचावादी भी थे। ये दल युवाओं का जीवन बर्बाद करते थे। व्यापारियों से रंगदारी वसूलते थे। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है।सुरक्षा और सुशासन का माहौल है। आज अपराधी सीना तानकर नहीं चल सकता। बरेली स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान बना रहा है। बरेली सेफ सिटी बना है। अब व्यापारी रंगदारी नहीं देता है। यह सब डबल इंजन सरकार का करिश्मा है। डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन जुड़ जाए तो सोने पर सुहागा होगा।
बरेली में सीएम योगी की जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बीएसएफ और पीएसी के अलावा सुरक्षा में पांच एएसपी, 17 सीओ, 50 इंस्पेक्टर, 150 सब इंस्पेक्टर, 426 हेड कांस्टेबल, 900 कांस्टेबल, 200 महिला कांस्टेबल, पांच टीआई, 24 टीएसआई को भी लगाया गया। हेलीपैड से लेकर बरेली कॉलेज तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए।
मुख्यमंत्री की जनसभा में भाषण सुनने के लिए काले कपड़ों में आए लोगों को चेकिंग के दौरान ऐसे कपड़ों को पुलिस ने उतरवाया और बीड़ी सिगरेट जैसे नशीले पदार्थ लेकर सभा में जाने पर भी रोक गया।