फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur: 'चुनाव के बाद गुंडों की गर्मी धीरे-धीरे शांत हो जाएगी', शाहजहांपुर में गरजे सीएम योगी

Mon, 06 May 2024 04:34 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, शाहजहांपुर

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शाहजहांपुर के खुदागंज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मैनपुरी की घटना का जिक्र कर सपा का जमकर सियासी वार किए। 
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज कायम करने के बावजूद चुनाव आते ही कुछ गुंडों की गर्मी बढ़ने लगती है। चुनाव परिणाम आने के बाद इन गुंडों की गर्मी धीरे-धीरे कर शांत होती जाएगी। मुख्यमंत्री सोमवार को खुदागंज के चरखोला मोड़ स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर के समर्थन में जनसभा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर करीब 03:20 बजे हेलिकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। अपने 21 मिनट के भाषण की शुरुआत उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पं. रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की पावन धरा को नमन करते हुए की।

उन्होंने कहा कि इन शहीदों के शौर्य और पराक्रम, त्याग और बलिदान का परिणाम है कि आज आजाद भारत में हम सब योजनाएं बना पा रहे हैं जिसमें बगैर भेदभाव के समाज के हर तबके को सम्मान मिल पा रहा है। अमर बलिदानियों का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर भारत के अमर बलिदानियों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखने वाली भाजपा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और सपा का इंडी गठबंधन है।

विज्ञापन

मैनपुरी की घटना का जिक्र 
योगी ने कहा कि दो दिन पहले मैनपुरी में सपा के गुंडों ने राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अपवित्र करने का प्रयास किया। मूर्ति पर चढ़कर उनकी आन-बान-शान के प्रतीक भाला को तोड़ने का प्रयास किया। गालीगलौज की गई। इन अकबर और औरंगजेब की औलादों को बताया जाना चाहिए कि यह नया भारत है जिसमें राष्ट्र नायकों का अपमान स्वीकार नहीं किया जाता है।

कहा कि ऐसे ही सपा के गुंडों ने संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अपवित्र करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आते ही कुछ गुंडों का लगता है कि वे फिर से जनता पर अपना कहर ढाने लग जाएंगे। यह इनकी गफलत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद धीरे-धीरे इन गुंडों की गर्मी अपने आप शांत हो जाएगी।

'दस साल में बदले हालात'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज देश अपने अमृतकाल में प्रवेश कर गया है। अमृतकाल का संकल्प है विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत। हर युवा, महिला, किसान, हस्तशिल्पी, श्रमिक के हाथ में काम होगा और उसका जीवन खुशहाल होगा। श्रमिकों के बच्चे भी अच्छे स्कूलों में पढ़ पाएंगे। इसी वजह से अटल आवासीय विद्यालय बनवाए हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष में भारत बदला है। 

उन्होंने कहा कि 10 वर्ष के पहले की कल्पना कीजिए। नौजवान पलायन करता था, किसान भुखमरी से मरता था, बीमार चिकित्सा के अभाव में मरता था। कहीं डॉक्टर नहीं थे तो कहीं चिकित्सालय नहीं था। आज शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे बन रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे में एयर स्ट्रिप भी बनने जा रही है। इसी एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमान उतरेंगे। यहीं से दुश्मन देश पर हमला करेंगे। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर के रहने वाले तीनों मंत्री जिले के विकास के लिए नए-नए प्रस्ताव लेकर आते रहते हैं। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है तो नया शाहजहांपुर भी देखने को मिल रहा है।

योजनाएं भी गिनाईं, भविष्य का सपना भी दिखाया
मुख्यमंत्री ने दस सालों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज देश में 80 करोड़ लोग मुफ्त में राशन प्राप्त कर रहे हैं। सपा और कांग्रेस के शासन में भुखमरी थी। 50 करोड़ लोगों का जनधन खाता खुला है। 60 करोड़ लोगों को पांच लाख तक का चिकित्सा कवर मिल रहा है। 12 करोड़ किसानों का सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। 12 करोड़ शौचालय बन गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत दस करोड़ कनेक्शन दिए गए हैं। 

'यहां अल्हागंज और खुदागंज जैसे कस्बे भी हैं'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब वह यहां आ रहे थे यह सुनकर भौचक्के रह गए कि शाहजहांपुर ऐसा जिला है जहां लाटसाहब का जुलूस भी निकलता है। उन्होंने सुना है कि लाट साहब के जुलूस का बहुत अच्छे ढंग से स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना जहां भी हों, लाट साहब के जुलूस में शामिल होने जरूर आते हैंं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब भी यहां अल्हागंज और खुदागंज जैसे कस्बे हैं।
विज्ञापन

'गुलामी के अंश मिटाना और विरासत का सम्मान करना है'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए पंच प्रण की बात की। पंचप्रण में गुलामी के अंशों को समाप्त करना और विरासत का सम्मान करना है। हमें भारत और भारतीयता पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो या काशी में बाबा विश्वनाथ धाम या फिर शाहजहांपुर में अमर शहीदों का भव्य म्यूजियम और हनुमतधाम में विराट बजरंगबली की प्रतिमा की स्थापना, ये सभी विरासत का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पहले वह यहां अमर बलिदानी ठाकुर रोशन सिंह के नाम के महाविद्यालय के कार्य को आगे बढ़ाने के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

ये रहे उपस्थित
इस दौरान मंच पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद मौजूद रहे। एमएलसी संतोष सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, लोकसभा प्रभारी रामगोपाल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, विधायक वीर विक्रम सिंह, सलोना कुशवाहा, हरिप्रकाश वर्मा, चेतराम, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, लोकसभा संयोजक अरुण गुप्ता, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महापौर अर्चना वर्मा भी मंच पर मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें