योगी ने दो घंटे पहले भेजे ‘आंख-कान’ फिर खुद आकर कमियां गिनाईं
बरेली। सीएम ने गुरुवार रात करीब नौ बजे फोन कर कहा था कि वह सड़क मार्ग की जगह हेलीकॉप्टर से जाएं और वहां बढ़ते कोरोना के मामलों की वजह पता करें। साथ ही, जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर सही स्थिति का आकलन करें। इसके बाद ही खन्ना के आने का कार्यक्रम संशोधित हुआ और वह दोपहर बारह बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली मंडल की स्थिति जानने के लिए पहले से ही अपने करीबी वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को समीक्षा बैठक से दो घंटे पहले ही रवाना कर दिया था। वह दोपहर बारह बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरे और सीधे कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार के साथ पहुंचे वित्त मंत्री ने डीएम नितीश कुमार से कंट्रोल रूम संचालन संबंधी जानकारी ली। खन्ना ने निर्देश दिए कि कोरोना से बचने के लिए सुनिश्चित किया जाए कि लोग घरों से बिना मास्क के न निकले। संक्रमित के बारे में सूचना मिलते ही उसका जल्द से जल्द इलाज शुरू कराया जाए। कंट्रोल रूम से ही सभी व्यवस्थाएं संचालित हों। समय से इलाज मिलने पर ही मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। साथ ही, एंटीजन किट से जांच कराकर तत्काल संक्रमण का पता लगाने, वेंटिलेटर मुहैया कराने, प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन सिलिंडर मौजूद रखने के निर्देश दिए। मरीजों के साथ मृदु व्यवहार करने, संवेदनशीलता का ध्यान रखने का सुझाव दिया।
वित्त मंत्री निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस पहुंचे और वहां पर मेयर उमेश गौतम, भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, भाजपा पदाधिकारी देवेंद्र जोशी, राज अग्रवाल आदि से बैठक कर फीडबैक लिया। इस मौके पर नेताओं ने अवगत कराया कि सीएमओ फोन नहीं उठाते हैं। कोविड अस्पतालों में इलाज कराने वालों के साथ अभद्र व्यवहार होता है। डॉक्टर देखते नहीं, वार्ड ब्वॉय दूर से खाना रख देता है। समय से दवा इंजेक्शन भी नहीं दिया जाता है। साथ ही, दो मेडिकल कॉलेजों में वसूली भी हो रही है। इस जानकारी के आधार पर सीएम को फीडबैक दिया।
अमर उजाला में छपी खबरें देखकर नोट किए बिंदु
बरेली। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और कोविड अस्पतालों में अव्यवस्थाओं के संबंध में अमर उजाला में छपी खबरों का संज्ञान लिया। पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वह कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने जाने के लिए कार में बैठ गए। कार में ही उन्होंने अमर उजाला में छपी खबरें पढ़ीं और सभी बिंदु नोट किए। खन्ना ने जनप्रतिनिधियों से मिले फीडबैक और अखबार की सुर्खियां बनीं खबरों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। हैलीपैड पर अनुपम कपूर, विशाल मेहरोत्रा और अतुल कपूर ने स्वागत किया। ब्यूरो