बरेली। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर शासन के निर्देशानुसार नगर निगम ने पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगीं महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई तो करा दी, लेकिन शहर के मुख्य मार्गाें और वार्डाें की सड़कों पर गंदगी पसरी रही। शनिवार, रविवार व सोमवार को अवकाश के कारण न तो कूड़े का उठान हुआ, न ही सड़कों की सफाई की गई। श्यामगंज में बीच सड़क पर गंदगी फैली रही। दुकानदार मिक्की ने बताया कि वहां पानी की लीकेज की वजह से कूड़ा सड़ रहा है। कई जगह नाले-नालियों की सफाई के बाद गंदगी वहीं छोड़ दी गई है।
रबड़ी टोला वार्ड में शाहदाना वली दरगाह की ओर जाने वाली सड़क पर ट्रांसफार्मर के नीचे डलावघर बनता जा रहा है। दुकानदार अमान का कहना है कि कूड़ा शाहदाना की मुख्य सड़क से लाकर डाल देते हैं। यहां कूड़ा उठाने वाला ठेला भी खड़ा किया जाने लगा है। कई बार विरोध के बावजूद सफाई कर्मचारी सुनता नहीं है। पास में ही धार्मिक स्थल है, पर कूड़ा वहीं डाला जा रहा है।
जोगी नवादा व रबड़ी टोला में नालियों का कूड़ा सड़क पर छोड़ा
जोगी नवादा और रबड़ी टोला में नालियों की सफाई के बावजूद वहां पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बड़े कब्रिस्तान रोड पर दो सप्ताह पहले नाले की सफाई की गई थी। क्षेत्र के बाबू सिंह ने बताया कि सफाई के दौरान काफी कूड़ा निकला, लेकिन वह आज तक नहीं उठा। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी भी वहीं कचरा डाल रहे हैं। संवाद
-
इन इलाकों की सफाई व्यवस्था ठीक कराई जाएगी। शहर में सर्वे कराकर ऐसे इलाकों को चिह्नित कराया जाएगा। सफाई निरीक्षकों से भी जवाब तलब करेंगे। - डॉ. नैन सिंह, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी