अलीगंज क्षेत्र से हाईस्कूल की एक छात्रा लापता हो गई है। परिजनों पर आन की खातिर उसकी हत्या कर शव खेत में दबाने का आरोप है। पुलिस ने खेत खंगाला। हालांकि कोई साक्ष्य नहीं मिला। छात्रा के माता-पिता भी लापता हैं।
बरेली के अलीगंज इलाके के एक गांव से हाईस्कूल छात्रा लापता हो गई है। किसी ने माता पिता पर ही आन की खातिर बेटी की हत्या कर शव खेत में दबाने का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खेत में दूर तक छानबीन कर पहरा बैठा दिया। माता-पिता कार्रवाई के डर से कहीं निकल गए हैं। छात्रा के चाचा को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय लड़की का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग था। छात्रा के परिजन ने उसे फोन कॉल पर बात करते हुए पकड़ लिया था। चर्चा है कि इस बात से नाराज होकर परिजन ने छात्रा की हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया। सूचना पर रविवार को पुलिस टीम गांव पहुंची और खेत को निगरानी में ले लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्रा के परिजन घर से कहीं निकल गए थे।
आंवला सीओ हेमंत कुमार ने बताया है कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। मौखिक शिकायत व चर्चा के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।