बदायूं। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 24 करोड़ की कार्ययोजना को सर्व सहमति से स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त तीन करोड़ के अन्य विकास कार्यों पर भी बोर्ड ने सहमति दी। बैठक में किसी जिला स्तरीय अधिकारी के न पहुंचने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और एजेंडे के अनुसार आयोजित बैठक में सदस्यों की ओर से भी कई प्रस्ताव रखे गए। भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग से दूरी बनाए रखने वाली सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में वर्ष 2022-23 में शासन से प्राप्त होने वाली पंचम वित्त आयोग और 15 वां वित्त आयोग की 24 करोड़ धनराशि की कार्य योजना बनाने पर विचार किया गया।
बोर्ड ने कार्य योजना को सर्व सहमति से स्वीकृति प्रदान की। बैठक में जिला पंचायत के जर्जर भवन को आरईएस विभाग से खाली कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर एएमए मनोज सिंह ने बताया कि आरईएस ने भवन का अधिकतर हिस्सा खाली कर दिया है। शेष हिस्सा भी खाली कराने को लिखा गया है। इसके बाद यहां व्यावसायिक स्थल के रूप में निर्माण कराया जाएगा।
बैठक में एएमए मनोज सिंह ने कार्ययोजना को पढ़कर सुनाया। पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम यादव, जिला पंचायत के सदस्यों समेत अभियंता मासूम रजा, सुधीर कुमार अग्रवाल, विनोद कुमार आदि रहे।
-
मेला ककोड़ा को राजकीय मेला घोषित करने के लिए शासन को पत्र भेजा
रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा को राजकीय मेला घोषित किए जाने संबंधी प्रस्ताव सदस्यों की ओर से रखा गया। प्रस्ताव को सभी का समर्थन मिला। इस पर एएमए जिला पंचायत मनोज सिंह ने बताया कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा है। उम्मीद है कि 2022 में आयोजित होने वाला मेला ककोड़ा इस बार से ही राजकीय मेला के रूप में आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत की ओर से इसके लिए पैरवी की जा रही है।
-
अध्यक्ष ने जताया आभार, पूर्व अध्यक्ष बोलीं- सदस्यों का सम्मान रहेगा
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक के बाद पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम यादव ने काफी देर तक सदस्यों से बात की। बोर्ड बैठक में किसी जिला स्तरीय अधिकारी के न पहुंचने को लेकर भी चर्चा हुई। सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, शेखूपुर से हिमांशु यादव ने इस बात पर नाराजगी जताई कि जिम्मेदार अधिकारी बैठक में नहीं हैं तो उन्हें बताया गया कि वह मंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त होने की वजह से नहीं आ सके हैं। इस दौरान पूनम यादव ने कहा कि सदस्यों के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं रहेगी। जिपं अध्यक्ष वर्षा यादव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।