व्यापारी द्वारा खरीदा गया गेहूं और चावल। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं/ कुंवरगांव। अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को निशुल्क में राशन का वितरण किया जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की सरपरस्ती में कोटेदार खुलेआम जिले में राशन ब्लैक करा रहे हैं। हालात यह हैं कि लोग कोटेदार के यहां से राशन लेकर चंद कदम दूर दुकानों पर सस्ते में बेच रहे हैं। इसकी वीडियो वायरल होने के बाद भी अधिकारियों ने अब मौन साध लिया है, हालांकि जांच करने की बात कह रहे हैं।
शासन की ओर से गरीबों के लिए गेहूं, चावल का निशुल्क वितरण किया जा रहा है ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, लेकिन कुछ कार्डधारकों द्वारा कोटेदारों से अपनी सेटिंग कर निशुल्क मिलने वाले राशन को एक निश्चित जगह पर बेचने का काम किया जा रहा है। मंगलवार को कुवरगांव क्षेत्र के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो में कोटे की दुकान से कुछ कदम दूरी पर एक व्यापारी के द्वारा 19 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गेहूं खरीदा जा रहा था, जबकि 17 रुपये की दर से चावल की खरीद की जा रही थी। उसमें वह यह कहता भी नजर आ रहा है कि कोटेदार के कहने पर वह यहां पर इसकी खरीदारी कर रहा है।
वहीं दूसरे वीडियो में एक महिला राशन बेचने के लिए पहुंची, तो बताया कि खाने वाले भी घर में नहीं है। ऐसे में राशन बेचने आयी थी। यह तो केवल बानगी भर है, इससे पहले भी तमाम लोग अपना राशन वहां पर बेच चुके हैं। यही हाल जिले के अन्य कोटेदारों के यहां भी है। इस संबध में डीएसओ रमन मिश्रा का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं। जांच कराई जाएगी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। संवाद