बरेली। सीबीगंज के गांव नदोसी में कान्हा उपवन और गोशाला में गायों की मौत का मामला पीएमओ पहुंच गया है। इस मामले में शिकायत के बाद पीएमओ के सेक्शन अफसर जितेंद्र कुमार मंडल ने यूपी सरकार के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में विशाल भारद्वाज ने शिकायत की थी कि कान्हा उपवन में गायों के लिए आहार, दवाएं और दूसरे पौष्टिक पदार्थ नहीं दिए जा रहे हैं। कागजों में ही इनकी आपूर्ति दिखाकर गोलमाल किया जा रहा है। इस वजह से वहां गायों की बीमारी और भूख से मौत हो रही है। इसके अलावा फर्जी शपथपत्र बनवाकर गायें पशु तस्करों को सौंप दी जाती हैं। पिछले दिनों एक मामले में इसकी पुष्टि भी हो चुकी है। विशाल का आरोप है कि कान्हा में सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसमें नगर निगम अफसरों की भूमिका भी संदिग्ध है। अगर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो कान्हा उपवन गायों की कब्रगाह बन जाएगा। विशाल की इस शिकायत पर पीएमओ के सेक्शन ऑफीसर जितेंद्र कुमार मंडल ने यूपी के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई करने और पीएमओ एवं विशाल को अवगत कराने को कहा है।