बरेली। जिले के नोडल अधिकारी नवनीत सहगल के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए 20 और 21 नवंबर के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। करीब दो माह पहले प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भी विकास के अटके प्रोजेक्टों पर खासतौर से समीक्षा की थी। इसे देखते हुए अफसर इन प्रोजेक्टों को लेकर प्रभारी अधिकारी के खास समीक्षा करने की संभावना जता रहे हैं।
सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल 20 नवंबर को सुबह 9.30 बजे पहुंचकर किसी एक दफ्तर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह दो परियोजनाओं का हाल मौके पर पहुंचकर देखेंगे। इसके बाद वह दोपहर 3.30 बजे किसी एक गांव में पहुंचकर विकास कार्यों का भी जायजा लेंगे। रात नौ बजे शहर में भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को चेक करेंगे। इसके बाद वह अगले दिन सुबह आठ बजे जिले के किसी एक अस्पताल को चेक करेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित 18 बिंदुओं के साथ विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा विकास भवन के सभागार में होगी। दोपहर एक बजे पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से वह निराश्रित गौवंश के लिए गौ आश्रय स्थल के निर्माण व संचालन एवं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करेंगे। नोडल अफसर के दौरे को देखते हुए डीएम नितीश कुमार ने सभी जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, बीडीओ और कार्यदायी संस्थाओं का अलर्ट करते हुए जरूरी सूचनाएं एकत्र करने के निर्देश दे दिए हैं।