बरेली। दिल्ली और नैनीताल की ओर से आने वाली रोडवेज बसों के यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक दिक्कतों का सामना करना होगा। दरअसल, इस ओर से आने वाली रोडवेज बसों की चौपुला होते हुए पुराना रोडवेज बस स्टैंड की ओर सुबह नौ से रात नौ बजे तक नो एंट्री रहेगी। उन्हें पुराना रोडवेज पहुंचने के लिए करीब 10 किमी अतिरिक्त रास्ता तय करना होगा। यह व्यवस्था चौपुला ओवर ब्रिज निर्माण के चलते की गई है।
चौपुला ओवरब्रिज का निर्माण कई महीने से चल रहा है। अब तक निर्माण पुलिस लाइंस रोड साइड में हो रहा था। सेतु निगम ने अब काम सिटी स्टेशन रोड पर पुलिस मार्डन स्कूल के सामने से भी शुरू करा दिया है। ओवरब्रिज निर्माण की वजह से चौपुला पर भीषण जाम की समस्या पैदा हो रही है। हालांकि, यहां भारी वाहनों की दिन में पहले से ही नो एंट्री है। दिल्ली और नैनीताल की ओर आने-जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन अब तक चौपुला होते हुए ही हो रहा था। रविवार को एसपी ट्रैफिक एससी गंगवार ने बरेली डिपो और रुहेलखंड डिपो के अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की। बैठक में जाम की समस्या को देखते हुए तय हुआ कि सुबह नौ से रात नौ बजे तक दिल्ली और नैनीताल की ओर से आने वाली रोडवेज की बसों को चौपुला होते हुए पास नहीं किया जाएगा। इन बसों को बड़ा बाईपास, पीलीभीत रोड, सैटेलाइट होते हुए पुराना रोडवेज की ओर भेजा जाएगा। हालांकि, पुराना रोडवेज से दिल्ली, नैनीताल की ओर जाने वाली बसों का संचालन चौपुला होते हुए ही किया जाएगा।
रविवार को चौपुला पर हंगामा भी बना कारण
चौपुला पर लगने वाले भीषण जाम के साथ रविवार को निजी कॉलेज के चेयरमैन और होमगार्ड के बीच कार निकालने को लेकर विवाद भी रोडवेज बसों के डायवर्जन का ही कारण माना जा रहा है। दरअसल, निजी कॉलेज के चेयरमैन और होमगार्ड के बीच विवाद के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने चौपुला पर जाम लगा दिया था। जाम के बाद यहां यातायात सामान्य कराने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए थे।