बरेली। रविवार की शाम दोहना बिजली घर पर आई खराबी दूर करने के लिए मरम्मत कार्य अभी जारी है। स्टेशन सामान्य होने में दो दिन लग सकते हैं। क्योंकि रविवार शाम आए फाल्ट का प्रभाव अभी बना हुआ है। उधर, रामनवमी पर सुबह से ही विभिन्न स्थानों की सप्लाई प्रभावित रही, जिन क्षेत्रों में सप्लाई चल भी रही थी वहां बार-बार ट्रिपिंग की शिकायत रही।
दोहना स्थित 132 केवी उपसंस्थान पर धमाके के साथ हुए फाल्ट को विभागीय टीम ने किसी तरह दुरुस्त करके रविवार रात करीब सवा 12 बजे शहरी क्षेत्रों की सप्लाई शुरू करा दी थी, लेकिन बीसलपुर, नवाबगंज, रिछा आदि की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई थी। सोमवार सुबह ही एसई पारेषण एके जायसवाल टीम लेकर दोहना पहुंच गए और बचे कार्य पूरे कराए। बताया जाता है कि यार्ड में स्थिति सामान्य होने में दो दिन और लग सकते हैं, क्योंकि फाल्ट काफी बड़ा था, फिर टीम ने पांच घंटे की मेहनत के बाद किसी तरह सप्लाई शुरू कराई।
सोमवार सुबह से ही ग्रामीण और शहर में कई क्षेत्रों में सप्लाई अस्तव्यस्त होने लगी। रामवाटिका, पुराना शहर, रामपुर बाग, कालीबाड़ी, सनसिटी, सुभाषनगर, इज्जतनगर उपकेंद्र्रों से पोषित इलाकों में सोमवार सुबह से दोपहर तक आवाजाही बनी रही। राजेंद्रनगर, कोहाड़ापीर और डीडीपुरम क्षेत्र में समस्या कुछ ज्यादा रही। परेशान लोगों ने जेई को फोन कर स्थिति जाननी चाही, लेकिन उन्होंने फोन ही रिसीव नहीं किया, इससे लोग गुस्साए रहे। दोपहर बाद सप्लाई सुचारू होने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।