बरेली। आने वाले त्योहारों पर रोडवेज यात्रियों की सुविधा को लेकर व्यापक तैयारी कर रहा है। बसों की पूर्ति से लेकर कर्मचारियों की उपलब्धता तक, सभी की व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए कर्मचारियों का अवकाश प्रतिबंधित कर दिया गया। हालांकि इसके लिए शासन की ओर से प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है।
खास तौर से दीवाली, भाई दूज और छट पूजा के मौके पर रोडवेज में व्यापक इंतजाम रहेंगे। इस दौरान 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक अवकाश पर प्रतिबंध करते हुए शासन ने कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन लागू की है। इसके तहत नियमित चालक परिचालकों को तीन सौ किलोमीटर से अधिक प्रतिदिन चलने पर चार हजार रुपये अतिरिक्त राशि के तौर पर दिए जाएंगे। इसी तरह संविदा चालक परिचालकों के लिए तीन सौ किलोमीटर से अधिक चलने पर 55 पैसा प्रतिकिलोमीटर के लिहाज के देय होगा। इसके अलावा कार्यशाला आदि के कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एआरएम बरेली डिपो एवं प्रभारी कार्मिक चीनी प्रसाद ने बताया कि दीवाली से पहले सारी तैयारियां पूरी की जा रहीं है। यात्रियों को बसों की उपलब्धता में कमी नहीं आने दी जाएगी। जहां जरूरत पड़ेगी बसों के फेरे बढ़ा कर सवारियों को गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए स्टाफ आदि को भी सतर्क किया जा रहा है।