बरेली। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेटियों को शिक्षित करने के लिए सरकार से मदद मिलेगी। उनको बेटियों को पढ़ाने के लिए पैसों की चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। दस अक्तूबर से मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की जाने वाली कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को कक्षा एक में प्रवेश कराने पर दो हजार रुपये और स्नातक या डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश दिलाने पर एक मुश्त पांच हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन किए जा सकेंगे।
विकास भवन में सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना को लागू करने पर चर्चा हुई। इस योजना का लाभ बेसिक स्कूल, माध्यमिक और डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाली बेटियों को मिलेंगे। इसके लिए www.mksy.up.gov.in
पर आवेदन किए जा सकते हैं। इस बाबत बीएसए, डीआईओएस और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी किए गए हैं। इस योजना के तहत बालिका के जन्म पर दो हजार रुपये एक मुश्त दिए जाएंगे। बालिका के एक वर्ष पूर्ण होने पर एक हजार रुपये, कक्षा एक में प्रवेश पर दो हजार, कक्षा छह में प्रवेश पर दो हजार, कक्षा नौ में प्रवेश पर तीन हजार रुपये और कक्षा बाहर के बाद जो बालिकाएं स्नातक या दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स या इससे ज्यादा अवधि का डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेती हैं उनको पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।