बरेली। प्रशासन के अफसर लाल फाटक ओवरब्रिज निर्माण के लिए ट्रैफिक बंद करने के बजाय कोई दूसरा विकल्प तलाश करने की भी कोशिश कर रहे हैं। कमिश्नर ने यह मामला रेल मंत्री पियूष गोयल तक पहुंचाने के लिए आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप से वार्ता की है और कुछ सुझाव भी दिए हैं जिनके जरिये इस समस्या का समाधान निकलने की उम्मीद है।
दरअसल कमिश्नर रणवीर प्रसाद का मानना है कि रेलवे बोर्ड अगर इस मामले में दखल दे तो जनहित से जुड़े इस मामले को निपटाया जा सकता है। कमिश्नर ने आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप से आग्रह किया है कि वह इस समस्या का समाधान निकालने के लिए रेल मंत्री से बात करें। सांसद ने यह आश्वस्त किया है कि वह वह जल्द रेल मंत्री से बात करेंगे ताकि कोई रास्ता निकल पाए।
कमिश्नर ने दिए हैं ये सुझाव
-लालफाटक क्रासिंग के पास रोड चौड़ा किया जाए तो पुल का निर्माण चलने के बावजूद ट्रैफिक आसानी से निकाला जा सकता है।
-क्रासिंग को बंद करने से पहले अगर अंडरपास बन जाए तब भी आसानी से वाहनों को आवागमन हो सकता है।
-रेलवे बोर्ड अगर चाहे तो रेलवे क्रासिंग को भी शिफ्ट कर सकता है।
लालफाटक रोड पर ट्रैफिक बंद करने से काफी दिक्कत होगी। इसलिए मैंने इस मामले को लेकर सांसद धर्मेंद्र कश्यप से वार्ता कर उन्हें कुछ बिंदुओं पर सुझाव दिए हैं। -रणवीर प्रसाद, कमिश्नर