बरेली। शांति विहार वार्ड के संत गाडके नगर में कई दिन से जलभराव है। यहां के निचले इलाकों में भी कई फुट तक पानी भरा हुआ है और लोग इसी गंदे पानी से निकलने को मजबूर हैं। कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर रास्ता बना लिया है तो वे दूसरों को वहां से नहीं निकलने दे रहे हैं।
संत गाडके नगर में टाल वाली गली करीब छह-सात फुट गहरी है और इसमें कई फुट तक पानी भरा हुआ है। समस्या से निपटने को कुछ परिवारों ने चंदा करके बीच में मिट्टी डालकर पतला रास्ता बना लिया है। अब यह लोग चंदा न देने वाले लोगों को उस रास्ते से नहीं गुजरने दे रहे हैं। पास ही रहने वाला एक चाट विक्रेता लंबे समय से बीमार है और चंदा नहीं दे सका तो उसे भी नहीं गुजरने दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पार्षद अजय चौहान वहां पहुंचे तो चाट विक्रेता के परिवार ने अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने निगम से और मिट्टी डलवाने का आश्वासन दिया है।